Follow Us:

प्रतिभा सिंह के चुनावी मैदान में उतरने से डरी भाजपा मुद्दों को भटका रही है: संजय दत्त

बीरबल शर्मा |

हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि मंडी संसदीय उपचुनाव में पार्टी की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के चुनाव मैदान में उतरने से भाजपा डरी हुई है। जिसके चलते चुनावी मुददों को भटकाने की कोशिश की जा रही है।

मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उपचुनाव में प्रतिभा सिंह के प्रत्याशी बनने से डरे हुए हैं। भाजपा को हार दिखाई दे रही है। इसलिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर महंगाई, बेरोजगारी भ्रष्टाचार और भाजपा के झूठे चुनावी वादे जो कि 4 साल पहले किए गए थे, उनको लेकर कोई बात नहीं कर रहे हैं। केवल चुनावी मुद्दों को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

संजय दत्त ने कहा कि बड़े सारे ऐसे मुद्दे हैं, जिनसे भाजपा और मुख्यमंत्री भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बताएं कि भाजपा ने फोरलेन प्रभावितों को फेक्टर टू मुआवजा देने का वायदा करके क्यों नहीं दिया। इस बारे में मुख्य्मंत्री क्यों नहीं बोल रहे हैं। वहीं, महंगाई पर मुख्यमंत्री क्यों चुप हैं। उस बारे में क्यों नहीं बोल रहे हैं। मंडी के हवाई अड्डे का क्या हुआ, सबको पता है। चार साल में हवाई अड्डा हवा हवाई हो गया है। तीन एयरफील्ड बनाने की बात थी, उसका जबाब मुख्यमंत्री दें।

उन्होंने कहा कि मंडी की सडक़ें गड्डों में हैं या सडक़ों में गड्ढे हैं, उस पर मुख्यमंत्री क्यों जनता को जबाब नहीं दे रहे हैं। सडक़ों को लेकर मुख्यमंत्री का कसूर नहीं है, क्योंकि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उतर कर कभी सडक़ों पर सफर ही नहीं करते हैं। उन्होंने कहा भाजपा परिवारवाद की बात कर रही है। वे बताएं अनुराग ठाकुर परिवारवाद की उपज नहीं है। जबकि लोकसभा में भाजपा के 38 सांसद परिवारवाद की उपज हैं।

कारगिल युद्ध के बयान पर मचे घमासान के बीच प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कांग्रेस शुरू से ही सैनिकों का सम्मान करती आ रही है। वन रैंक वन पेंशन कांग्रेस ने शुरू किया है। जबकि इसे बढ़ाने के लिए पूर्व सैनिक आंदोलन करते रहे हैं। वहीं, कारगिल युद्ध के मुददे पर उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह ने किस संदर्भ में कहा है, यह समझना जरूरी है। इसका जवाब वही दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सैनिकों के नाम पर राजिनीति कर रही है। इसलिए बेहतर होगा कि भाजपा के लोग मुद्दों की राजनीति करें।