कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता व पैनलिस्ट रहे कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद आकाश शर्मा ने मंडी सदर के भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने अनिल शर्मा से कहा कि वह जो इन दिनों नगर निगम के चुनावों में कांग्रेस के उम्मीदवार तय करने से लेकर चुनाव प्रचार करने तक पर्दे के पीछे काम करने में लगे हुए हैं इसे छोड़कर उन्हें सामने आकर काम करना चाहिए।
आकाश शर्मा जो वीरभद्र समर्थकों में शुमार हैं और कांग्रेस के अहम पदों पर रह चुके हैं ने कहा कि सदर के विधायक हमेशा घुटन महसूस करते हैं, कांग्रेस की सरकार में वीरभद्र सिंह से, भाजपा की सरकार में जयराम ठाकुर से उन्हें घुटन होती रही है। इस परिस्थिति में उन्हें विधायक पद से त्यागपत्र देकर प्रत्यक्ष रूप से जो प्रत्याशी उन्होंने मैदान में उतारे हैं उनकी मदद करके जिताना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आज जो मंडी कांग्रेस की दयनीय स्थिति हुई है वह विधायक व उनके परिवार द्वारा लिए गए निर्णयों की वजह से हैं। आज वह भारतीय जनता पार्टी को कोस रहे हैं, ऐसा करने की बजाय उन्हें तुरंत भाजपा को छोड़ कर कांग्रेस में आ जाना चाहिए और दबाव की राजनीति जो वह कर रहे हैं उसे बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज मंडी का सारा विकास उनके अपने परिवार के हित में की जाने वाली राजनीति के कारण रूक गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह को लोक सभा चुनावों में किन लोगों ने हराया, विधानसभा चुनावों में पूरे जिला में कांग्रेस पार्टी के विधायको को किस प्रकार हराया गया यह सब जनता जानती है वह यह भी जानती है कि वीरभद्र सिंह सरकार के समय क्या-क्या विकास कार्य हुए। आज पूरे प्रदेश का जहां शिक्षा में अगुआ मण्डी होना चाहिए था आपसी खींचतान के चलते ऐसा नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हुए विकास व कार्यो का श्रेय जनता हमेशा याद रखेगी । आकाश शर्मा ने अनिल शर्मा को सलाह दी कि वह भाजपा को छोड़ कर तुरंत कांग्रेस में शामिल होकर नगर निगम में कांग्रेसी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करें।



