Follow Us:

मुख्यमंत्री के साथ शिवरात्रि की शोभायात्रा में शामिल हुए अनिल शर्मा

बीरबल शर्मा |

अक्सर मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से किनारा करने वाले और विधानसभा के अंदर व बाहर प्रदेश भाजपा सरकार की आलोचना करने वाले मंडी सदर भाजपा विधायक अनिल शर्मा इस बार अचानक शिवरात्रि की शोभायात्रा में शामिल हो गए। वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य मंत्रियों विधायकों के साथ जीप पर सवार होकर पड्डल मैदान तक गए। अनिल शर्मा पूरे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ रहे।

गौरतलब है कि अनिल शर्मा काफी अरसे से मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से किनारा कर रहे हैं। वह उनकी जमकर आलोचना भी कर रहे हैं। अनिल शर्मा के इस तरह से मुख्यमंत्री के साथ आ जाने को लेकर कई तरह की चर्चाएं चलती रही। चुनावी साल है और मंडी का यह पंडित परिवार अपने लिए सुरक्षित राजनीतिक स्थान की तलाश में है। वह इसे लेकर भाजपा कांग्रेस दोनों ही दलों से लगातार तार भिड़ा कर आगे बढ़ रहे हैं। जनता जो चाहेगी की बात कह कर अनिल शर्मा व उनका परिवार चुनावी साल में अपनी राह तलाशता नजर आ रहा है। अब मुख्यमंत्री के साथ आकर वह क्या दर्शाना चाह रहे हैं इस पर वाले दिनों में उनके ब्यानों पर सबकी नजरें रहेंगी।