Follow Us:

फतेहपुर में BJP की राह मुश्किल, ‘बलदेव ठाकुर ज्वाली पार’ के लगे पोस्टर

मृत्युंजय पुरी |

फतेहपुर: फतेहपुर उपचुनावों में भाजपा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पार्टी अंतर्कल्ह से जूझ ही रही थी कि किसानों ने भी भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। और अब पार्टी के प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को बाहरी बताते हुए ‘बलदेव ठाकुर ज्वाली पार’ के पोस्टर विधानसभा क्षेत्र में दिखने लगे हैं।

आपको बता दें कि फतेहपुर में रातों रात जगह जगह पोस्टर लगाए गये हैं जिसमें नारा दिया है कि ‘बलदेव ठाकुर तेरा फतेहपुर में क्या काम इस बार करवाएंगे ज्वाली में आराम’। ये पोस्टर किसने लगाए हैं ये तो जांच के बाद ही पता चलेगा। पोस्टर में किसी भी पब्लिशर का नाम नहीं है और ये पोस्टर फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स को लगाने वाले का पता करना मुश्किल हो रहा है।

ये पहली बार नहीं है कि भाजपा नेताओं के ऐसे पोस्टर लगे हैं। इसी उपचुनावों में भाजपा टिकट के दावेदार रहे कृपाल परमार के भी ऐसे ही पोस्टर लगे थे।

वहीं, टिकट ना मिलने के बाद कृपाल परमार की चुप्पी ने भी पार्टी में हलचल मचा रखी है। दूसरी ओर कांग्रेस में प्रत्याशी भवानी पठानिया का भी विरोध हो रहा है। कहीं दोनों पार्टियों की अंतर्कल्ह किसी तीसरे को फायदा न पहुंचा जाए।