Follow Us:

कांग्रेस राज में महफूज नहीं प्रदेश की महिलाएं: अनुराग

समाचार फर्स्ट |

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने आज कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए सुजानपुर में कहा कि प्रदेश में महिलाओं को लेकर अपराध बढ़ा है। प्रदेश में महिलाएं महफूज नहीं हैं। आलम यह है कि वे घर से बाहर निकलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रही हैं। कानून व्यवस्था तार-तार हो गई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ़ भय का माहौल है और कांग्रेस सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल रही है। अनुराग ने कहा कि कोटखाई का बहुचर्चित गुड़िया प्रकरण दुनिया में हिमाचल के दामन पर लगा एक ऐसा बदनुमा दाग है, जिसे मिटाया नहीं जा सकता।

अनुराग ने कहा कि पहले हिमाचल में बेटियां कहीं भी बेख़ौफ़ आया-जाया करती थीं, मगर अब उन्हें अकेले बाहर निकलने में भी डर लगता है। ये हिमाचल की संस्कृति नहीं है। प्रदेश में बढ़ते असुरक्षा के माहौल के चलते पर्यटक यहां आने पर खुदल को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे, जिसका सीधा असर प्रदेश के पर्यटन उद्योग पर पड़ रहा है।

प्रदेश में वन माफिया, खनन माफिया और ड्रग्स माफिया लगातार प्रदेश को खोखला बना रहे हैं और जिनके ऊपर इसकी रोकथाम की ज़िम्मेदारी थी, वो गैरजिम्मेदार ब्यान देते रहे हैं।  हिमाचल की जनता इन सब अपराधों का तबाव चुनाव में देगी और 18 दिसंबर को सत्ता कोबदल कर रख देगी।