Follow Us:

प्रदेश को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दिलाने का करेंगे प्रयास: अनुराग ठाकुर

रविंद्र, ऊना |

कंद्रीय राज्य मंत्री बनने के बाद अनुराग ठाकुर शुक्रवार को पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र हमीरपुर पहुंचे। केंद्रीय वित्त व कॉरपोरेट विभाग के राज्य मंत्री का करीब दो दर्जन स्थानों पर जोरदार स्वागत हुआ। अनुराग मैहतपुर पहुंचें जहां बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती और कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर के साथ-साथ कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मैहतपुर से चिंतपूर्णी तक रोड शो के रूप में अनुराग ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद विश्राम गृह ऊना परिसर में अनुराग ठाकुर का सम्मान समारोह हुआ।

ऊना में आयोजित स्वागत समारोह में अनुराग ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से अधिक से अधिक आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश की विकासात्मक योजनाओं के बारे में वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी बात करेंगे और हिमाचल को विकास की नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को चौगुनी रफ्तार के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश सरकार के मंत्रियों और बीजेपी विधायकों ने लोकसभा चुनाव के दौरान शानदार काम किया।  इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब हिमाचल प्रदेश के 70 प्रतिशत मतदाताओं ने बीजेपी के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह वोट लोगों ने इसलिए दिए है, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को नई बुलंदियों तक पहुंचा सकें।