Follow Us:

शिंदे के लिए बाली का वन-मैन शो, निकलेगी 500 बाइक सवारों की रैली

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे एक बार फिर प्रदेश के दौरे पर हैं। इस बार उन्होंने अपने 5 दिवसीय दौरे की शुरुआत धर्मशाला से की है। इस दौरान बुधवार को शिंदे ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत दूसरे मंत्रियों के साथ धर्मशाला में जनसभा को संबोधित किया तो वहीं, गुरुवार को वे हिमाचल सरकार के कद्दावर मंत्री जीएस बाली के विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां का दौरा करेंगे।

गौरतलब है कि जीएस बाली धर्मशाला जनसभा में नहीं पहुंचे थे। बल्कि, उन्होंने नगरोटा में ही सुशील कुमार शिंदे की जोरदार स्वागत करने का इंतजाम कर लिया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली अक्सर अपने वन मैन शो के लिए जाने जाते हैं।

इससे पहले भी जीएस बाली पार्टी के अलाकमान को अपने विधानसभा क्षेत्र में समर्थकों के जरिए दम-खम दिखाते रहे हैं। गुरुवार को भी विधानसभा क्षेत्र के 53 मील से ही कार्यकर्ताओं को हुजूम सुशील कुमार शिंदे की आगवानी करेगा। इसके बाद नगरोटा बगवां तक कार्यकर्ताओं का हुजूम स्वागत के लिए खड़ा रहेगा।

कांगड़ा में मीडिया को संबोधित करते हुए जीएस बाली ने बताया कि वीरवार को शिंदे के साथ वह नगरोटा बगवां में मौजूद रहेंगे। इस दौरान 500 बाइक सवार के साथ 53 मील से ही सुशील कुमार शिंदे का रोड-शो नगरोटा बगवां के लिए निकाला जाएगा। तकरीबन 10 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद शिंदे दोपहर 1 बजे शिंदे उन्हीं के साथ लंच भी करेंगे। जीएस बाली ने बताया कि इसके बाद उत्सव पैलेस में पीसीसी अध्यक्ष जिले के पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में आने के लिए मुख्यमंत्री को भी निमंत्रण भेजा गया है।