Follow Us:

दिल्ली चुनाव में जीत के लिए बिंदल ने दी AAP को बधाई, बोले- BJP जनमत को स्वीकार करती है

पी. चंद, शिमला |

दिल्ली विधान सभा चुनाव परिणाम पर बोलते हुए हिमाचल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने आम आदमी पार्टी को जीत की बधाई दी। उन्होनें कहा कि लोकतंत्र में जनमत सर्वाधिक महत्वपूर्ण रहता है इसलिए जनता के आदेश सर्वोपरि है और भारतीय जनता पार्टी जनमत को स्वीकार करती है। डॉ. बिन्दल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली प्रदेश में कड़ी मेहनत की परन्तु नतीजे आशानुरूप नहीं रहे।

उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली में सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए दिल्ली में आगामी पांच वर्षों में दिल्ली के विकास के लिए विधानसभा में आवाज बुलंद करेगी और जनता के बीच जाकर जनता को जागरूक करेगी। बीजेपी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप बीजेपी का वोट प्रतिशत पिछले विधान सभा चुनाव की तुलना में बढ़ा है। परन्तु दूसरी तरफ देखने में आया कि कांग्रेस का दिल्ली से पूरी तरह सूपड़ा साफ हो गया और कांग्रेस दिल्ली में खाता खोलने में भी नाकाम रही है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जो देश की सबसे बड़ी पार्टी रही, 400-400 सीटें लेकर देश में सत्ता संभालती रही, पूरे देश में 25-25 राज्यो में जिसकी सत्ता रही, उस पार्टी के पतन की इन्तहा हो गई। दिल्ली प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने 15 वर्ष लगातार सत्ता संभाली और उसके तुरंत बाद हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी का वोट बैंक 40 प्रतिशत से खिसक कर 8 प्रतिशत पर पहुंच गया और 70 में से एक भी सीट नहीं जीत पाई। उन्होनें कहा कि कांग्रेस पार्टी को विचार करना होगा कि किन कारणों से राष्ट्रीय पार्टी का पतन हो रहा है।