Follow Us:

बिशप कॉटन स्कूल में पढ़ चुके 3 छात्र चुनावी मैदान में, 3 विधानसभा के सदस्य

डेस्क |

शिमला: हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव का घमासान चल रहा है। उपचुनाव के इस रण में एक ही स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर चुके तीन योद्धा चुनावी मैदान में हैं। जुब्बल कोटखाई से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर चुनाव लड़ रहे हैं।

ये 1990 तक बीसीएस स्कूल के छात्र रह चुके हैं। भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे चेतन बरागटा ने 1995 में इसी स्कूल से पढ़ाई की है। जबकि फतेहपुर से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे भवानी सिंह पठानिया ने भी 1990 में बीसीएस से 12वीं तक की शिक्षा ग्रहण की है।

इतना ही नहीं मौजूदा विधानसभा में भी बीसीएस स्कूल के तीन छात्र जनता का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पालमपुर के कांग्रेस विधायक आशीष बुटेल बीसीएस स्कूल से पढ़े हैं।

रेणुका के कांग्रेस विधायक विनय कुमार और शिमला ग्रामीण के कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह भी इसी स्कूल से पढ़कर राजनीति में पहुंचे हैं। वैसे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी बीसीएस के ही छात्र थे। वे अक्सर बीसीएस स्कूल के कार्यक्रमों में जाया करते थे।