Follow Us:

राजनीतिक रोटियां सेंक फोरलेन निर्माण से पीछे हटी BJP: सुक्खू

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बीजेपी सरकार को फोरलेन निर्माण से पीछे हटने पर आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में 69 फोरलेन को सैद्धांतिक मंजूरी पर हिमाचल बीजेपी ने खूब ढिंढोरा पीटा था। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर डीपीआर बनाने में देरी के आरोप लगाए थे, उस समय भी सरकार और कांग्रेस पार्टी ने फोरलेन की मंजूरी पर सवाल उठाए थे। मगर, बीजेपी इनके स्वीकृत होने का झूठा राग अलापती रही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश की जनता को सच बताएं कि बीजेपी और केंद्र सरकार ने फोरलेन को लेकर झूठ बोला था और अब प्रदेश सरकार उस पर लीपापोती कर रही है। क्योंकि, फोरलेन को डेढ़ साल के कार्यकाल में बीजेपी सरकार धरातल पर उतारने में नाकाम रही। सरकार को केंद्र से 69 फोरलेन की पूरी तरह मंजूरी मिली ही नहीं थी। अब सरकार फोरलेन के निर्माण से पहाड़ दरकने और भौगोलिक परिस्थितियों का बहाना बना रही है।

सुक्खू ने कहा कि पहाड़ कहीं नहीं दरक रहे, बल्कि बीजेपी का झूठ बेनकाब हो चुका है। इसलिए पहाड़ों की आड़ ली जा रही है। उन्होंने कहा कि शिमला-मटौर व जोगिंद्रनगर-पठानकोट एनएच का फोरलेन होना बेहद जरूरी है। चूंकि, दोनों ही फोरलेन बेहद महत्वपूर्ण हैं। शिमला-मटौर एनएच तो पांच राज्यों की रीढ़ है। इसके फोरलेन होने से यातायात सुगम होने के अलावा लोगों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती। उन्होंने मांग की है कि बीजेपी जनता को गुमराह करने के लिए माफी मांगे।