Follow Us:

‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने न देखे कांग्रेस, 2022 में भाजपा बनाएगी सरकार’

पी. चंद |

हिमाचल में हुए चारों उपचुनावों में हार मिलने के बाद भाजपा का शिमला में महामंथन जारी है। भाजपा के मंथन के बीच मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हिमाचल के चारों उपचुनाव भाजपा ओवर कॉन्फिडेंस की वजह से हारे। पार्टी की बीच भीतरघात और अनुशासन हीनता भी हार का कारण रही। पार्टी भीतरघात और अनुशासन हीनता करने वालों के ख़िलाफ़ कार्यवाही करेगी। कांग्रेस पार्टी को वीरभद्र सिंह की सहानुभूति मिली इसलिए वह चुनावों में जीत गई। महंगाई को भी कांग्रेस ने चुनावों में मुख्य मुद्दा बनाया।

रणधीर शर्मा ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि उपचुनावों में मिली जीत से कांग्रेस ज्यादा उत्साह में दिख रही है। 2022 में भाजपा ही सरकार बनाएगी। कांग्रेस “मुंगेरी लाल के हसीन सपने” देखना बन्द करें क्योंकि “दिल्ली अभी दूर” है। हिमाचल कांग्रेस गुटों में विभाजित है और 12-13 लोग मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं। भाजपा हार से सबक लेकर 27 दिसंबर से प्रदेश में महासंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन -जन तक पहुंचाया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्र से बड़े नेता को हिमाचल बुलाया जाएगा।