Follow Us:

‘भाजपा ने किया बागवानों को शोषण, बागवानी मंत्री ने जख्मों पर छिड़का नमक’

डेस्क |

नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को जुब्बल-नावर-कोटखाई से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में प्रचार किया। नेता विपक्ष ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने जुब्बल-नावर-कोटखाई को सींचा है और सेब बाग़वानी के क्षेत्र में जो भी विकास हुआ है उसमें इन्हीं दो विकासपुरुषों की विशेष भूमिका रही है।

भाजपा सरकार को घेरते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, ”भाजपा सरकार में बागवानों का शोषण हुआ है। भाजपा कार्यकाल में बाग़वानों पर गोलियां तक दागी गई। जब सेब के दाम गिर रहे थे तो मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बागवानों को सेब न तोड़ने की सलाह दी और बाग़वानी मंत्री ने रेहड़ी पर सेब बेचने की बात कह कर बाग़वानों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया।”

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में महंगाई ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल-डीज़ल, गैस सिलेंडर, सरसों तेल और दैनिक उपभोग की वस्तुओं में आग लग गई है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और हिमाचल में 13 लाख से अधिक युवा बेरोजगार है। अग्निहोत्री ने कहा कि 2022 में कांग्रेस सरकार बनते ही कर्मचारियों की OPS की मांग और करुणामूलक नौकरियों, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि रोहित ठाकुर के अनुभव, लग्न और मजबूत इच्छाशक्ति से जुब्बल नावर कोटखाई कांग्रेस कार्यकाल (2012-17) में विकास के क्षेत्र में पूरे हिमाचल में अव्वल रहा है।

अग्निहोत्री ने कहा कि रोहित ठाकुर के लम्बे राजनीतिक अनुभव और मजबूत नेतृत्व को देखते हुए जिला शिमला का नेतृत्व तो करेंगे ही साथ में भविष्य में कांग्रेस सरकार में भी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे। अग्निहोत्री ने जनसभाओं में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में जनता से आशीर्वाद और वोट देने की अपील की।