Follow Us:

विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने मंडी में बनाई रणनीति, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

|

बीरबल शर्मा, मंडी।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में आज मंडी संसदीय क्षेत्र में बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन मंत्री पवन राणा मौजूद रहे।

बैठक के माध्यम से मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनावी शंखनाद करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने पदाधिकारियों को एकजुटता के साथ पूरी तरह तैयार रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा एकजुट है और एकजुट भाजपा को कोई भी राजनैतिक दल हराने की सोच भी नहीं सकता।

वहीं, प्रदेश प्रभारी अविनाशराय खन्ना ने पार्टी पदाधिकारियों को आने वाले चुनावों तक केवल भाजपा के लिए कार्य करने की सलाह दी और कहा की पूरे देश में भाजपा चुनौती देने वाला कोई दल नहीं है और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय है।

प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल से हिमाचल प्रदेश विकास के रथ पर सवार है। कोरोना काल में एक ओर विपक्षी दल इसे मौका समझ कर ओछी राजनीति करने में व्यस्त रहे वहीं भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश की जनता के बीच रहा और जरूरतमंद लोगों की बिना किसी डर के हर संभव मदद करने में तत्पर रहा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के चार साल के कार्यकाल में विपक्ष के पास विरोध में बोलने के लिए कुछ नहीं है और कांग्रेस पार्टी बिना नेतृत्व के अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। इस चार वर्षों के कार्यकाल में पहले दिन से लेकर प्रदेश सरकार आम जनता के लिए कार्य कर रही है और प्रत्येक वर्ग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा रहा है।