Follow Us:

BJP प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने CM जयराम ठाकुर को दी जन्मदिन की बधाई

पी. चंद, शिमला |

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप भाजपा पदाधिकारियों सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके निवास में जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ आईजीएमसी एवं दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार के 3 वर्ष उपलब्धि भरे रहे हैं और यह पहली बार हुआ है कि किसी मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में हर वर्ग का ख्याल रखा है। राज्य सरकार का अगला 1 वर्ष समावेशी विकास का रहेगा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि ऊर्जावान, समर्पित, दृढ़ निश्चय एवं सरल स्वभाव वाले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश उन्नति एवं समृद्धि के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं आनंदित रहें। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के शासनकाल में ‘जन-जन को स्वस्थ बनाना है, हिमाचल को आगे बढ़ाना है’। इस संकल्प के साथ हिमाचल सरकार द्वारा ''हिमकेयर योजना'' के अंतर्गत अब तक चार लाख इकसठ हजार से अधिक को पंजीकृत किया जा चुका है और 1 लाख 25 हजार से अधिक मरीजों को लाभ दिया जा चुका है।

उन्होंने कहा हिमाचल देश का पहला धुआंमुक्त राज्य बना है। यह सब हिमाचल सरकार द्वारा शुरू की गई ‘‘मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा’’ योजना के प्रभावी कार्यान्वयन से संभव हुआ है। राज्य सरकार ने इस योजना के अंतर्गत प्रदेश में दो लाख नब्बे हजार से अधिक गैस कनेक्शन वितरित किए हैं। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं सह प्रभारी संजय टंडन ने भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सुशासन वाली सरकार चल रही है, और आने वाले समय में भी हिमाचल प्रदेश में विकास कार्य उत्तम गति से आगे बढ़ेगी। राज्य सरकार प्रदेशवासियों के घरद्वार पर जाकर समस्याओं का समाधान कर रही है। इसी दृष्टि से प्रदेश सरकार ने राज्य में "जनमंच" कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से चलाया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के हजारों परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। जनमंच का पूर्ण श्रेय मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जाता है।