Follow Us:

बीजेपी 27 दिसंबर को रिज मैदान पर करेगी बड़ी रैली, अमित शाह और नड्डा भी लेगें भाग: सत्ती

पी. चंद, शिमला |

प्रदेश बीजेपी कार्यालय दीपकमल में प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि आगामी 27 दिसम्बर को प्रदेश सरकार के विकासमयी 2 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और इस उपलक्ष पर सरकार व संगठन मिलकर एक बड़ी रैली का आयोजन शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में करने जा रही है। इसी के मद्देनजर आज मण्डल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष पुरषोतम गुलेरिया भी उपस्थित रहे।

सत्ती ने कहा कि इस रैली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा , केन्द्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर , मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल , शांता कुमार , सभी मंत्री, सभी विधायक, सभी सांसद और पार्टी के कार्यकर्ता भाग लेंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इन दो वर्षों में जयराम सरकार ने प्रदेश को विकासशील, ईमानदार व पारदर्शी सरकार दी है। यह सरकार प्रदेश की जनता के प्रति जवाबदेह सरकार है। पिछले दो वर्षों में प्रदेश सरकार ने अनेक विकासोन्मुखी व जनकल्याणकारी योजनाएं चलाकर प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। अभी हाल ही में धर्मशाला में आयोजित ग्लोबल इन्वैस्टर मीट जिसमें 93 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साईन हुए हैं, इसका जीता जागता उदाहरण है। प्रदेश में निवेश आने से यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और प्रदेश विकास की एक नई इबारत लिखेगा।

उन्होनें कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार ने पिछले लगभग दो वर्षों में प्रदेशहित में कई योजनाएं चलाकर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए हैं जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।