Follow Us:

23 फरवरी से शुरू होगा हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र, अधिसूचना जारी

|

हिमाचल प्रदेश 13वीं विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बजट सत्र कराने को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। 23 फरवरी को शुरू होने वाला ये बजट सत्र 15 मार्च तक चलेगा। इस दौरान कुल 16 बैठकें होंगी। 4 मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मौजूदा कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करेंगे।

चुनावी साल में विपक्ष के हमलों से बचने के लिए इस बार बजट सत्र को छोटा किया गया है। क्योंकि अमूमन बजट सत्र 20 दिन का होता था। क्योंकि हिमाचल में सालभर में तीनों सत्रों में कुल 35 बैठकें होनी जरूरी हैं।

बजट के लिए सरकार ने जनता से मांगे सुझाव

उधर, राज्य सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए राज्य बजट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बजट को और अधिक लोक केन्द्रित बनाने के उद्देश्य से इसमें समाज के विभिन्न हितधारकों की सहभागिता और विचारों का समावेश आवश्यक है। इसलिए सरकार ने आम जनता, उद्योगों, व्यापारिक तथा कृषक संगठनों से बजट के लिए सुझाव आमंत्रित किए हैं।

राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि बजट के लिए सुझाव 15 फरवरी, 2022 तक [email protected] पर ई-मेल किए जा सकते हैं। इन्हें पत्र के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) के कार्यालय को भी भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बजट के लिए सुझाव राजस्व प्राप्ति में वृद्धि, व्यय नियंत्रण तथा अन्य सम्बद्ध मामलों पर दिए जा सकते हैं। इससे बजट निर्माण में पारदर्शिता, खुलापन, प्रतिक्रियात्मक तथा सहभागी दृष्टिकोण को बढ़ावा मिलेगा।