Follow Us:

कांग्रेस संगठन में फिर बदलाव, अहमद पटेल को मिली नई जिम्मेदारी

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस पार्टी के भीतर जब से राहुल गांधी को कमान मिली है, तब से संगठन के भीतर लगातार बड़े फेरबदल देखे जा रहे हैं। मंगलवार को कई बड़े नेताओं की जिम्मेदारियों में हेर-फेर किए गए। सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे अहमद पटेल को कांग्रेस पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। अभी तक यह जिम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मोतीलाल वोरा के पास थी।

अहमद पटेल का अलावा राहुल गांधी ने आनंद शर्मा को कांग्रेस विदेश प्रकोष्ठ के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपी है। आनंद शर्मा राज्यसभा के सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। मनमोहन सरकार में उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग जैसे मंत्रालय भी संभाला है।

इसके अलावा लुजीनो फलेरो को महासचिव इंचार्ज नॉर्थ ईस्ट राज्यों का बनाया गया है। साथ ही मीरा कुमार को कांग्रेस कार्यसमिति का स्थाई सदस्य बनाया गया है।

राजनीतिक विश्लेषक इन सभी बदलावों में अहमद पटेल की भूमिका पर ख़ास तवज्जों दे रहे हैं। क्योंकि, जब कांग्रेस की कमान सोनिया गांधी के हाथों में थी तब अहमद पटेल की संगठन में तूती बोलती थी। पटले काफी अर्से से गांधी परिवार के विश्वासपात्र माने जाते रहे हैं। टीम राहुल में उनकी अहम भूमिका फिर से चर्चा का विषय है।