Follow Us:

वित्त मंत्री से मिले मुख्यमंत्री, मंडी एयरपोर्ट के लिए राशि जारी करने का किया आग्रह

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली दौरे पर हैं। आज नई दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट कर जिला मंडी में नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण और कांगड़ा जिला में मौजूदा हवाई अड्डे के विस्तार और नागरिक सुविधाओं के स्तरोन्यन के लिए 1420 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सीमित रेल सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां हवाई सम्पर्क सुविधा होना अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में  पर्यटन विकास का मुख्य क्षेत्र है। प्रदेश में आजीविका और आय के साधन बढ़ाने के लिए इस क्षेत्र में विस्तार की आवश्यकता है। उन्होंने स्वयं वित्तायोग के समक्ष अपना पक्ष रखा है और वित्तायोग ने अपने माईक्रो इकोनोमिक फंडामेंटलज के विश्लेषण में प्रदेश के राजकोषीय उपायों और सरकार द्वारा की जा रही विकासात्मक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि माईक्रो इकोनोमिक फंडामेंटलज को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्तायोग ने प्रदेश के लिए 1420 करोड़ रुपये की सिफारिश की है।

उन्होंने कहा कि यह राशि प्रदेश के अपार पर्यटन क्षमता वाले दूर-दराज के क्षेत्रों को जोड़ने और धार्मिक पर्यटन को विकसित करने के लिए अन्तरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन गंतव्य के विकास, जिला में नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के निर्माण और कांगड़ा में मौजूदा हवाई अड्डे के विस्तार के अलावा नागरिक सुविधाओं के स्तरोन्यन के लिए व्यय किए जाएंगे। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के लिए हर सम्भव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।