Follow Us:

CM ने पार्टी कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश, उपचुनाव में किया जीत का दावा

बीरबल शर्मा |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मंडी का दौरा भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने वाला साबित हुआ है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मंडी में भाजपा जिला संगठन पदाधिकारियों संग बैठक कर चुनावी रणनीति के तेवर और कलेवर को निर्णायक रूप दिया। बैठक के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी पूरे दमखम से उपचुनाव लड़ेगी और बड़ी जीत दर्ज करेगी।

कांग्रेस की ओर से प्रतिभा सिंह के प्रत्याशी घोषित किए जाने के संबंध में पूछे एक सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस किसे प्रत्याशी घोषित करती है, ये उनका अंदरूनी मामला है, इस पर वे टिप्पणी नहीं करना चाहते। लेकिन इतना जरूर है कि अब पुरानी परिस्थितियां नहीं हैं और कांग्रेस का आकलन वास्तविकता से दूर है। उन्होंने कहा कि मंडी हमारी है और हमारी ही रहेगी।

उन्होंने कहा कि बहुत जल्द भाजपा केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशी के नाम की घोषणा करेगा और पूरी पार्टी, सभी कार्यकर्ता मिलकर पूरे दमखम से आगे बढ़ेंगे।

वहीं, सदर के विधायक अनिल शर्मा के उनसे मिलने के संबंध में पूछे सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिल ‘टैक्निकली’ भाजपा के विधायक हैं, ऐसे में उनका मिलना सहज और स्वाभाविक है। अच्छा है, वे भाजपा के चुनाव अभियान का हिस्सा बनें, उनका स्वागत है।