Follow Us:

बीजेपी प्रत्याशियों की घोषणा के बाद घबरा गई है कांग्रेस: CM जयराम

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज कांगड़ा के नूरपुर में बीजेपी युवा मोर्चा नूरपुर मंडल के सम्मेलन को सम्बोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस पार्टी घबरा रही है। यही कारण है कि अभी तक वे अपने प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार का मार्गदर्शन काफी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही युवा शक्ति को जमीनी स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश बीजेपी सरकार जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इसके मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ता आमजन तक पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के कुशल नेतृत्व में विश्व के मानचित्र पर देश की अलग पहचान बनी है। ऐसे में मोदी जी को पुनः देश की कमान संभालने के लिए हिमाचल की चारों सीटों पर बीजेपी को जीत दिलानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में आज भारत की ताकत धरती पर ही नहीं बल्कि आसमान में भी बढ़ी है। आज ही हमारे देश के वैज्ञानिक ने मिसाइल से एक सैटलाइट को मार गिराया है जिससे भारत अन्तरिक्ष महाशक्ति बन गया है। उन्होंने कहा कि इस मिशन का नाम शक्ति मिशन था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस कार्यवाही से हमारे देश पर नजर रखने वालों के लिए एक कड़ा संदेश दिया गया कि हम अपने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कोई भी कदम उठा सकते हैं।