Follow Us:

लोकसभा चुनाव में महिला कार्यकर्ताओं की होगी महत्वपूर्ण भूमिका: CM जयराम

पी. चंद, शिमला |

भाजपा महिला मोर्चा शिमला ग्रामीण मंडल द्वारा बनूटी में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुरने कहा कि नारी शक्ति जिस लक्ष्य को ठान लेती हैं, उसे अवश्य हासिल करती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में 50 प्रतिशत महिलाएं हैं, ऐसे में महिला वर्ग के सहयोग के बिना जीत हासिल करना संभव नहीं है। बीजेपी महिला मोर्चा को लोकसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

केंद्र में मोदी सरकार का 5 वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अलग पहचान दी है। ऐसे में पुनः भारत को मोदी जी की आवश्यकता है, जिसके लिए महिला वर्ग के समर्थन एवं आशीर्वाद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में शिमला ग्रामीण में कुछ कमी रह गई थी ऐसे में अब उस कमी को पूरा करने का मौका मिला है। इस लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को उस कमी को पूरा करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी सुरेश कश्यप जी कर्मठ नेता हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के गढ़ में जीत हासिल करने वाले बीजेपी नेता सुरेश कश्यप को जीत दिलाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता मेहनत से कार्य करें। देश को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है और वह नेतृत्व मोदी का ही हैं।

सीएम ने कहा कि मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं, जिसके फलस्वरूप उन्होंने प्रदेश को हजारों करोड़ों रुपये की विकासात्मक योजनाओं की सौगातें भी दी हैं। अब मोदी जी को हमारी आवश्यकता है, इसलिए लोकसभा चुनाव में प्रदेश की चारों सीटों पर भाजपा को जीत दिलाकर मोदी जी को देश की कमान पुनः संभालने के लिए भूमिका निभाएं।