Follow Us:

कांग्रेस की वजह से लेना पड़ रहा है कर्ज: CM

डेस्क |

प्रदेश के ऊपर बढ़ रहे कर्ज का ठीकरा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की सरकारों पर फोड़ा है। बिलासपुर के कंदरौर में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश पर 50 हज़ार करोड़ रूपए का कर्ज छोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार के समय कोरोना जैसी महामारी नहीं थी फिर भी वे कर्ज लेते गए। पर हमारी सरकार को इस महामारी से जूझना पड़ा है जिस कारण प्रदेश की आर्थिकी बहुत ख़राब हो गई है। यही कारण है कि सरकार को कर्ज उठाना पड़ रहा है।

पिछली कांग्रेस सरकरों की कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लम्बे समय तक प्रदेश में कांग्रेस कि सरकारें रहीं और उस समय उन्हें कोरोना जैसी महामारी से भी नहीं निपटना पड़ा। फिर क्यों इन सरकारों को बार-बार लोन लेने की जरूरत पड़ी।

कोरोना काल में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने जनसभा को बताया कि जब भाजपा सरकार में आई थी तब सिर्फ प्रदेश में टांडा मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी में 2 ही ऑक्सीजन प्लांट थे। पिछले 2 सालों में सरकार ने 41 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए हैं। वहीं, वेन्टीलेटरों की संख्या 50 से बढ़ा कर 900 कर दी गई है।