Follow Us:

पार्टी में हैं BJP के एजेंट, मेरे पीछे छुरा लेकर चलते हैं: CM वीरभद्र

बिट्टू सूर्यवंशी |

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पार्टी के भीतर अपने विरोधी गुट पर प्रहार किया है। धर्मशाला में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में कुछ लोग बीजेपी के एजेंट बन गए हैं। लेकिन, असली काला कौआ कौन है और कौन सफेद यह जनता अच्छे से जानती है।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह भी कहा कि उनके पीठ पीछे पार्टी के भीतर कुछ लोग छुरा लेकर चलते हैं। समय आने पर यह साफ हो जाएगा कि पीठ पीछे छुरा लेकर कौन चल रहा है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि मेरे लिए वही लोग प्रिय हैं जो पार्टी के लिए जान देते हैं।आज हिमाचल में जो भी विकास और एकता पैदा हुई है उसका श्रेय कांग्रेस को जाता है। हिमाचल हिंदुस्तान में एकमात्र ऐसा राज्य हैं जहां बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है और काम सीखने के लिए भी कौशल विकास भत्ता दिया जा रहा है।

शिंदे के दौरे पर धर्मशाला में हो रहे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सभी विधायकों और पार्टी नेताओं को नसीहत दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव भी एक इम्तेहान हैं और किसी की कोई हवा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। यदि मंत्रियों ने अच्छे से पढ़ाई की होगी तो वह आवश्य अपनी क्लास में फर्स्ट आएंगे और जिस विधायक ने पढ़ाई नहीं की होगी वह फेल हो जाएगा।