Follow Us:

मंडी मंच से CM का हल्ला बोल, ’23 मई को कांग्रेस मुक्त हो जाएगा देश’

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी मंच से कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। जयराम ठाकुर ने कहा कि आज हमें कांग्रेस के बारे में सोचने की जरूरत है कि ये पार्टी देश में रहनी चाहिए या नहीं। आज देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है और वो नेतृत्व PM मोदी ही दे सकते हैं। राहुल गांधी की बातें न तो देश को समझ आती हैं, न उनकी पार्टी को और न ही हमें समझ आती हैं। दूसरी तरफ मोदी का एक-एक शब्द में देश को आगे लेकर जाने की प्रेरणा होती है।

उन्होंने कहा कि देश में आजकल महागठबंधन की कोशिश की जा रही है। बंगाल में सभी दल इक्टठा होकर मोदी को रोकने के लिए गठबंधन बनाते हैं। उनको पूछें की आप में से पीएम कौन बनेगा। दीदी अपना सोचती हैं, बहन जी अपना सोचती हैं औऱ अखिलेश अपना सोचते हैं। लेकिन इस बार बीजेपी की लहर को कोई ताकत नहीं रोक सकती। 23 मई को परिणाम आने पर देश में दो बड़ी बातें होंगी। एक तो भारत कांग्रेस मुक्त होगा और दूसरा कांग्रेस गांधी मुक्त हो जाएगी। कांग्रेस ने अब सभी गांधी का इस्तेमाल कर लिया है। कांग्रेस पार्टी में भी बहुत से लोग इस परिवार से परेशान हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि हमने 15 मिनट में हिमाचल की चार टिकटों का फैसला किया। उधर कांग्रेस ने 20 दिन लगा दिए। कांग्रेस ने चार टिकट तीन किस्तों में तय किए। कांग्रेस का हर नेता चुनाव लड़ने से भाग रहा था। क्योंकि उनको पता था कि जीत सिर्फ बीजेपी की होगी। ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस के लोगों के मन में था कि टिकट लेकर करेंगे क्य़ा?

दादा-पोते पर भी बोला हमला

सीएम ने कहा कि मंडी ने हमें बहुत सम्मान दिया है। इसलिए मंडी हम जितेंगे और सम्मान के लिए जितेंगे वो भी बड़ी जीत के साथ। मंडी में दादा पोता दोनों सपने देखने लगे दोनों सपने को साकार करने के लिए सोचने लगे। सपने देखने का हक सभी को है। लेकिन सपना देश और समाज के लिए सोचा होता तो ठीक था। अपने परिवार के लिए सपना सोचना ठीक नहीं। इसलिए दादा का सपना साकार करने की जिम्मेवारी मंडी की जनता की नहीं ये उनके परिवार की है। लेकिन हिमाचल की जनता का सपना साकार करने के लिए हम सभी काम करेंगे। हमारे सपना वो है जिससे देश मजबूत होता है। अपने सपने को वो अपने परिवार के साथ साकार करें।