Follow Us:

AAP के रोड शो को कांग्रेस-बीजेपी ने बताया फ्लॉप, कहा- हिमाचल में आप का नहीं कोई आधार

|

मंडी में आम आदमी पार्टी के रोड शो को लेकर भाजपा और कांग्रेस के खेमों में हलचल बढ़ गई है। आप ने मुख्यमंत्री के गृह जिला से चुनावी शंखनाद किया है। जिससे सत्ताधारी दल के साथ साथ 2022 के लिए सत्ता का सपना देख रही कांग्रेस पार्टी भी घबराई हुई है। सत्ता दल इसलिए डरा हुआ है क्योंकि हिमाचल में हर पांच साल बाद सत्ता परिवर्तन होता रहा है। जबकि कांग्रेस का डर ये है कि अभी तक आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर ही सेंध लगाई है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस पार्टी के नेता आप को अपने लिए खतरा नहीं मान रहे हैं।

शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज का कहना है कि आप पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है। जिस विचारधारा के साथ अन्ना हज़ारे ने आंदोलन शुरू किया था उनको साइड कर पार्टी बना ली और दिल्ली की जनता को गुमराह कर सत्ता हथिया ली। पंजाब में भाजपा का आधार नहीं है इसलिए आप वहां भी आ गई लेकिन हिमाचल के लोगों को केजरीवाल गुमराह नहीं कर सकते हैं।

वहीं, कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि आम आदमी पार्टी मंडी रोड शो के लाखों लोगों के जुटने की बात कह रही थी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया है। मंडी में भीड़ जुटाने कर लिए अन्य राज्यों से लोग लाए गए हैं। वैसे भी हिमाचल में अभी तीसरा विकल्प उभर नहीं पाया है। इसलिए आप का हिमाचल में कोई आधार नहीं बन पाएगा।