Follow Us:

शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी धनी राम शांडिल ने भरा नामांकन पत्र

पी. चंद, शिमला |

शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी कर्नल धनी राम शांडिल ने आज अपना नामांकन पत्र दाख़िल किया। दल बल सहित नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे शांडिल के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर सहित कई आला नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तीन मर्तबा कांग्रेस की टिकेट से चुनाव लड़ दो बार सांसद रहे 78 वर्षीय कर्नल धनी राम शांडिल का जन्म 20 अक्तूबर 1940 को सोलन में हुआ। सेना में बतौर कर्नल सेवाएं देने के बाद 1999 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की और शिमला संसदीय क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव जीता। इसके बाद कर्नल धनी राम शांडिल ने 2004 में दोबारा लोकसभा का चुनाव जीतकर सांसद बने। 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें एक बार फिर प्रत्याशी बनाया। लेकिन भाजपा के वीरेन्द्र कश्यप से चुनाव हार गए। वर्ष 2012 में उन्होंने विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

राज्य में वीरभद्र सिंह सरकार में वे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रहे। वर्ष 2017 में उन्होंने दोबारा चुनाव लड़ा और अपने दामाद डॉक्टर राजेश कश्यप को हराकर फिर से विधायक बन गए। शिमला संसदीय क्षेत्र में कुल 17 विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें से 8 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं। जबकि 8 में कांग्रेस काबिज है। एक सीट पर माकपा का कब्जा है। भाजपा ने सिरमौर से सुरेश कश्यप को चुनावी मैदान में उतारा है।