Follow Us:

अंबेडकर को भारत रत्न नहीं देना चाहती थी कांग्रेस: भाजपा प्रभारी

पी. चंद |

भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कसौली में अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। भाजपा प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। क्योंकि कांग्रेस नहीं चहती थी की उनको भारत रत्न मिले। कांग्रेस ने समाज को अलग करने का बीज डाला है उसे नष्ट करने का बड़ा प्रयास भाजपा द्वारा किया गया है। कांग्रेस ने 70 सालों में समाज को तोड़ने के अनेकों प्रयास किए लेकिन जोड़ने का प्रयास सिर्फ भाजपा ने किया है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 17 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें से 13 पर भाजपा का कब्जा है और आने वाले 2022 के चुनाव में 17 की 17 सीटें भाजपा की जीत होंगी। कांग्रेस ने केवल वोट बैंक आधारित राजनीति की है पर भाजपा ने ऐसा नहीं किया। सामाजिक समरसता को लेकर भाजपा ने अनेकों कदम उठाए हैं। भाजपा ने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को अनुसूचित जाति वर्ग से बनाया है, भाजपा ने इस वर्ग का हमेशा मान बढ़ाया है।

भाजपा प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बाबा साहब की जन्मस्थली पर स्मारक बनाया, लंदन में उस भवन को भी स्मारक बनाया गया जिसमें रहकर बाबा साहब लंदन में पड़े थे और जहां जहां बाबासाहेब रहे उन स्थलों को तीर्थ बनाया गया। हमें हिमाचल में मिथकों को तोड़ना है और 2022 में एक बार फिर भाजपा की सरकार को बनाना है। यही नहीं 2027 में भी हम भाजपा की सरकार हिमाचल प्रदेश में बनाएंगे । उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की सरकार ने अनेकों जन कल्याण की योजनाएं हिमाचल प्रदेश में शुरू की हैं। हम सम्मान के साथ सर उठाकर वोट मांगने जा सकते हैं।