Follow Us:

नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, संजय दत्त ने नेताओं को पढ़ाया एकजुटता का पाठ

पी.चंद |

पी.चंद शिमला।

नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस ने अभी से कमर कस दी है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस ने राजीव भवन में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ नगर निगम चुनावों को लेकर बैठक की। इस मौके पर हिमाचल कांग्रेस सह प्रभारी संजय दत्त ने सभी पार्टी नेताओं और पधाधिकारियों से नगर निगम चुनावों में पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में डटने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए चार उपचुनावों की तरह शिमला नगर निगम चुनावों में भी पार्टी को अपनी जीत हासिल करनी है।

संजय दत्त ने कहा कि इसी साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं, इसलिए इन चुनावों में कांग्रेस की जीत कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उपचुनावों में कांग्रेस की जीत का एक बड़ा संदेश पूरे देश में गया है। यह सब सगंठन की मजबूती और एकता से ही संभव हुआ है। इसलिए प्रदेश विधानसभा चुनावों में भी यही सिलसिला जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम शिमला के चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए इस परीक्षा में सबको सफल होना है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनाव कांग्रेस के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, इसलिए पार्टी मजबूत प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगी।