Follow Us:

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने दिया नया नारा, जारी किया पोस्टर

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए न्याय का नारा दिया है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया – 'गरीबी पर वार होगा, सपना ये साकार होगा। कांग्रेस सरकार में, सशक्त गरीब परिवार होगा।' कांग्रेस ने रविवार को 'अब होगा न्याय' का पोस्टर लॉन्च किया। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा और प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेसवार्ता कर इसका ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि 'देश ने अच्छे दिन नहीं, खराब दिन देखे। देश की हालत खराब रही।'

दरअसल इस 'न्याय' के सहारे ही कांग्रेस मोदी सरकार पर निशाना साध रही है। कांग्रेस एक ओर जहां न्याय से गरीबों को सालाना 72000 रुपये देने का वादा कर रही है तो वहीं वह समाज के सभी वर्गों को भी न्याय देने की बात कर रही है। कांग्रेस मोदी सरकार पर आरोप लगाती रही है कि उसने युवाओं को रोजगार नहीं दिया, महिलाओं के खिलाफ अपराध पर लगाम नहीं लगा और किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिला। कांग्रेस इन सभी मुद्दों पर मोदी सरकार पर हमलावर है और अपनी योजना 'न्याय' के सहारे सत्ता पर वापसी का सपना देख रही है।