Follow Us:

बड़ी मजबूती से आगे बढ़ रही है कांग्रेस- रजनी पाटिल

पी. चंद, शिमला |

रविवार को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि सभी के विचार सुनने के बाद वह इस नतीजे पर पहुंची हैं कि यहां कांग्रेस बड़ी मजबूती से आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस मजबूती के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित तौर पर हम प्रदेश में चोरों सीटों पर विजय हासिल करेंगे।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सभी पार्टीजनों को आगाह किया है कि सभी एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतर जाएं। उन्होंने कहा है कि पार्टी में किसी का कोई निजी एजेंडा नहीं चलेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दिशा निर्देश पर सब को साथ लेकर आगे बढ़ना है।

राठौर ने आगे कहा कि पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया है। उन्होंने सभी रूठे हुए नेताओं को वापस पार्टी में लाया है। उन्होंने कहा कि जिस भी नेता और कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी प्रदान की गई है, उसका पूरा उत्तरदायित्व उसी का होगा। अगर उसमें कोई कमी या कोई कोताही पाई जाती हैं तो उस की पूरी जबाबदेही होगी।

उन्होंने शिमला शहरी अध्यक्ष अरुण शर्मा को भी स्पष्ट निर्देश दिया कि अगर कोई आपसी मन मुटाव है तो उसे तुरंत दूर कर सब को साथ लेकर चले। बैठक में वक्ताओं ने पार्टी से निष्कासित नेताओं को वापिस पार्टी में शामिल करने के लिये पार्टी हाई कम्मान और प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया।