Follow Us:

कांग्रेस की जनाक्रोश रैली में राहुल की हुंकार, हिमाचल समेत देश भर से पहुंचे नेता

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की  'जन-आक्रोश रैली' में भारी संख्या में पूरे देश से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। हिमाचल प्रदेश से भी धाकड़ नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं की बड़ी फौज पहुंची हुई थी। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने आगामी तैयारियों को लेकर अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

जन-आक्रोश रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का संबोधन काफी आक्रामक रहा। उन्होंने अपने भाषण में बीजेपी और संघ पर जमकर हमला बोला। उनके अलावा पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद और दूसरे शीर्ष नेताओं ने हुंकार भरी। सोनिया गांधी ने अपने भाषण में मोदी सरकार पर जनता के साथ विश्वासघात का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 4 सालों में कुछ नहीं किया। उन्होंने सत्ता के लिए झूठ बोला। सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी की आवाज बनने का आह्वान किया।

वहीं, मनमोहन सिंह ने भी मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने किसानों के कर्ज का मुद्दा उठाया और मोदी सरकार को लोकतंत्र के लिए ख़तरा बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर जहां कच्चे तेल की कीमत कम हो रही है, वहीं मोदी सरकार की वजह से यहां कीमतें बढ़ रही हैं. इस सरकार में मंहगाई बढ़ी और जनता, किसान पूरी तरह से बेहाल हैं। 

मोदी भाषण देते हैं, लोग सच्चाई खोजते हैं: राहुल

राहुल गांधी ने जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पीएम जहां भी जाते हैं वहां एक वादा कर जाते हैं। भ्रष्टाचार की बात होगी, किसानों की बात होगी, मगर वह सच नहीं बोलेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी के भाषण सुनता है और उसमें सच्चाई खोजने की कोशिश करता है। उन्होंने येदियुरप्पा के सहारे कर्नाटक चुनाव को भी साधने की कोशिश की। राहुल ने कहा कि जेल का पानी, जेल का खाना खाने वाले येदियुरप्पा के साथ पीएम मोदी खड़े हैं। पीयूष गोयल अपनी कंपनी को डिक्लेयर नहीं करते और मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोलते।

राहुल ने इस दौरान राफेल डील, नीरव मोदी और नोटबंदी समेत अन्य मुद्दों पर भी मोदी सरकार को घेरा।

मोदी, शाह को नसीहत, खुर्शीद को सीख 

राहुल गांधी ने अपने भाषण में विचारधारा को लेकर भी मोदी और शाह को खास तौर पर निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टैलेंटेड नेताओं की एक समृद्ध कतार है। आने वाले दिनों में भी कई नेता शीर्ष पर दिखाई देंगे। लेकिन, बीजेपी में सिर्फ एक ही विचारधारा चल रही है। यहां सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र मोदी और अमित शाह का सम्मान है। बाकी किसी का भी नहीं है। 

राहुल ने कांग्रेस में विभिन्न विचारधारा का जिक्र करते हुए सलमान खुर्शीद को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सलमान खुर्शीद हमारे बीच बैठे हैं। कुछ दिन पहले इन्होंने हमसे अलग राय दी थी। लेकिन, पार्टी से अलग राय देने वाले खुर्शीद की रक्षा मैं करूंगा। उन्होंने कहा  कि कांग्रेस में अलग विचारधारओं का संगम है। यहां पर सभी को अपनी विचाराधार के तहत काम करने की आजादी है।

सभी नेताओं का सम्मान कांग्रेस में सुनिश्चित

राहुल गांधी ने पार्टी के भीतर भी सभी नेताओं को संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में चाहें युवा नेता हो या बुजुर्ग…सभी का ख्याल पार्टी में रखा जाएगा। कांग्रेस में सभी का सम्मान सुनिश्चित है। यहां किसी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस में 18 साल से लेकर 80 साल तक के लोगों को सम्मान मिलेगा, जो आदर नहीं देगा, मैं उसपर कार्रवाई करूंगा।

कांग्रेस बलिदान की पार्टी

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हर राज्य में जान दी है। कार्यर्ताओं ने सत्ता के लिए नहीं बल्कि सत्य के लिए अपनी जान दी है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि पंजाब में पूछो बेअंत सिंह कौन थे, किसके लिए मरे, असम में कितने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दी। राहुल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शेर का बच्चा है। इसको मारो-पीटो यह डरने वाला नहीं है।

हिमाचल से भी भारी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता

दिल्ली में आयोजित जन-आक्रोश रैली में हिमाचल कांग्रेस के भी सभी धाकड़ नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे हुए थे। रैली को सफल बनाने और देश को संदेश देने के मकसद से भी भारी संख्या में हिमाचल से भी कार्यकर्ताओं का समूह पहुंचा हुआ था। समाचार फर्स्ट ने कई कार्यकर्ताओं से बातचीत की। जिनमें, उन्होंने आगामी दिनों में पार्टी के लिए विशेष तौर पर मेहनत करने की बात कही। उनका कहना था कि बीजेपी का प्रचार मीडिया बहुत सक्रिय है, जिसके जरिए झूठ फैलाया जा रहा है। एक कार्यकर्ता का कहना था कि प्रदेश में बीजेपी ने झूठ का कारोबार खोल रखा है।