Follow Us:

कांग्रेस ने सुक्खू के नेतृत्व में चुनाव आयुक्त से की सत्ती की शिकायत

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर बीजेुपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती घिर गए हैं। कांग्रेस ने वीरवार को उनके खिलाफ आंदोलन का एलान कर दिया। वीरवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सूक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस पदाधिकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार से मिले। इन्होंने देवेश कुमार के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा को ज्ञापन भेजा। जिसमें सत्ती के प्रचार पर बैन लगाने और उन पर कड़ी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है।

सूक्खू ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर सत्ती के प्रचार पर बैन नहीं लगाया गया तो शुक्रवार से सत्ती का हर जगह घेराव किया जाएगा और काले झंडे दिखाए जाएंगे। सूक्खू ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा उनकी मांग पर तत्काल कार्रवाई करें। चूंकि, सत्तारूढ़ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती सभी मर्यादाएं तोड़ते हुए चुनावी जनसभाओं में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं और सामाजिक संस्थाओं के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। ताजा उदाहरण भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती की सोलन जिले के बद्दी व ऊना जिले के भंजाल में हुई चुनावी जनसभा है।

सतपाल सत्ती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध न केवल अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि सामाजिक संस्था राधा स्वामी के अनुयायियों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। बीजेपी नेता ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पहनावे को लेकर भी बेहुदा टिप्पणियां कर रहे हैं। ये नाकाबिले बर्दास्त है। इस तरह की बदजुबानी से कांग्रेस जनों के साथ ही आम जनमानस की भावनाएं भी आहत हुई हैं। इसलिए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती पर चुनाव आयोग कड़ी कार्रवाई करे। क्योंकि, उन्होंने आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है।