Follow Us:

‘कांग्रेस ने कभी नहीं की जातिवाद, क्षेत्रवाद की राजनीति’

बीरबल शर्मा |

मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि कांग्रेस ने क्षेत्रवाद, जातिवाद और धर्म के नाम पर कभी भी राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही लोगों की भावनाओं से खेलते हुए अपने स्वार्थ की राजनीति करती रही है। आज बल्ह विधानसभा चुनाव क्षेत्र के तहत गागल, नेरचौक, रिवालसर, लेदा में अपनी चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिला शसक्तीकरण को मजबूत किया।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा उन्हें मजबूर प्रत्याशी बताते हुए उनके खिलाफ जिस प्रकार का दुष्प्रचार कर रही है उससे महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा भी खोखला साबित हुआ है। देश में बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा इन मुद्दों से भाग रही है। इस बारे वह अब अपनी जुबान नहीं खोलती।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों को मंडी की दुहाई देकर वोट मांग रहे है। उन्होंने कहा कि मंडी ससंदीय उपचुनाव कांग्रेस अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्य पर वोट मांग रही है। यही वीरभद्र सिंह के लिए मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।