Follow Us:

कांग्रेस कार्यालय से चंद कदम पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, मोदी-योगी सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

पी. चंद, शिमला |

कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी को उतर प्रदेश पुलिस द्वारा हिरासत में लेने के बाद कांग्रेस पूरे देश मे आग बबूला हो गई है। प्रियंका गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हुए जमीन को लेकर नरसंहार के पीड़ितों से मिलने जा रही थी। जिन्हें पुलिस ने रोक लिया और घटनास्थल पर जाने की इजाजत नहीं दी। प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने पर बीजेपी सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने के आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस ने योगी और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ शिमला में जबरदस्त नारेबाजी की और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी फूंका। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस प्रदर्शन में ज्यादा भीड़ नहीं जुटा पायी और न ही प्रदर्शन के लिए अपने दफ्तर से ज्यादा बाहर निकल पायी।कांग्रेस ने अपने दफ्तर से चार कदम बाहर कार्ट रोड में योगी का पुतला फूंका और 10 मिनट के लिए रोड भी जाम किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि प्रियंका गांधी अपनी दादी इंदिरा गांधी के पदचिन्हों पर चल रही हैं। योगी सरकार ने प्रियंका वाड्रा को सोनभद्र में पीड़ितों से मिलने की परमिशन नहीं दी जो कि लोकतंत्र की हत्या है।प्रदेश कांग्रेस राज्यपाल से इस मामले को लेकर मिलना चाहती थी लेकिन अभी तक नए राज्यपाल ने अपना पद नहीं संभाला है ये भी एक तरह का संवैधानिक संकट है।

केंद्र की तानाशाह सरकार अगर इसी तरह से कांग्रेस के नेताओं को तंग करती रही तो कांग्रेस सड़कों पर उत्तर कर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक विक्रमादित्य सिंह, नंदलाल, मोहन लाल बरागटा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने हिस्सा लिया।