Follow Us:

केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नितियों के खिलाफ कांग्रेस ने शुरू किया जनाक्रोश सप्ताह

पी. चंद |

बीजेपी की किसान-बागवान और जनविरोधी नितियों कार्यक्रमों के खिलाफ कांग्रेस ने आज नारकंडा से जनाक्रोश सप्ताह का शुभारंभ किया। इस मौके पर हिमाचल कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त ने केंद्र व प्रदेश भाजपा सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले 6 महीनों से देश का किसान तीन काले कानूनों के विरोध में सड़कों पर बैठा है । न तो उनकी कोई बात सुनी जा रही है और न ही उनसे कोई बात की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  देश व किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की बाते करते नहीं थकते आज यही देश अपनी बदहाली पर खड़ा है। देश मे बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी ने आम लोगों का जीना दूभर होता जा रहा है।देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे चली गई है।

दत्त ने कहा कि अन्न दाता किसानों को एक बार फिर से बढ़ी कंपनियों का गुलाम बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है। नए कृषि कानून किसानों व बागवानों के हित में नहीं है। भाजपा ने सोची समझी रणनीति के तहत अपने कुछ उद्योपतियों को लाभ देने के लिए इन कानूनों को बनाया है जिससे उन्हें चुनावों में उनसे चंदा मिल सकें। दत्त ने कहा कि कांग्रेस किसानों व बागवानों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलवाने से पीछे नही हटेगी।उन्होंने कहा कि देश मे कांग्रेस सरकार बनते ही भाजपा के सभी काले कानूनों  व जनविरोधी नीतियों से मुक्ति दिलायेगी।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा का किसान व बागवान विरोधी चरित्र सबके सामने है। जब जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तब तब बागवानों पर डंडे व गोलियां बरसाई गई।आज भी भाजपा बागवान विरोधी विशेष कर सेब विरोधी रही है। भाजपा ने हमेशा ही क्षेत्र बाद की राजनीति करती रही है और हमेशा ही प्रदेश को बांटने का प्रयास किया है। राठौर ने कहा कि प्रदेश में सेब सीजन शुरू हो गया है। सरकार ने इसके विपणन की अब तक कोई व्यवस्था नहीं की है। बागवानी मंत्री झूठ बोलने में माहिर है। मंत्री ने बागवानों को आश्वासन दिया था कि इस बार कार्टन के रेट नही बड़ेगे, बाबजूद इसके रेट बढ़ा दिए गए है। सरकार ने अपने इस कार्यकाल मे कोई भी राहत या मदद किसानों बागवानों को नहीं दी है।

राठौर ने कहा कि प्रदेश में आज हर वर्ग भाजपा की नीतियों व निर्णयों से आहत है। बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई पर सरकार का कोई नियंत्रण नही है। भाजपा के नेता, मंत्री अधिकारियों कर्मचारियों को प्रताड़ित करने में जुटे है। सरकारी व्यवस्था को अस्त व्यस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को  चुनावो की ज्यादा चिंता है जबकि समस्याओं की ओर उसका कोई भी ध्यान नही है।अपने खर्चे चलाने के लिए सरकार विकास के नाम पर ऋण पर ऋण लिये जा रही है। राठौर ने लोगों का आह्वान किया कि वह एकजुट होकर कांग्रेस का साथ दे।कांग्रेस भाजपा के काले कानूनों व निर्णयों से प्रदेश को मुक्ति दिलायेगी।