Follow Us:

यूक्रेन में फंसे छात्रों की सकुशल वापसी को लेकर कांग्रेस ने शिमला में निकाला कैंडल मार्च

पी.चंद |

यूक्रेन रूस के बीच युद्ध लगातार भयावय स्थिति की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में देश के हजारों छात्र यूक्रेन में फंस गए हैं। बीते कल गोलीबारी से कर्नाटक के छात्र की मौत हो गई है। मृतक छात्र की आत्मा की शांति व युद्ध में शांति की बहाली के लिए कांग्रेस ने आज शिमला में शेर ए पंजाब से रिज पर महात्मा गांधी की प्रतिमा तक केंडल मार्च निकाला और मौन रखा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच भीषण युद्ध चल रहा है जिससे पूरे विश्व पर संकट के बादल छा गए हैं। देश के हजारों छात्र व नागरिक यूक्रेन में फंसे हैं। हालांकि सरकार उन्हें निकालने में लगी है लेकिन अभी भी काफी लोग वहां फंसे हैं। बीते कल कर्नाटक के छात्र नवीन की मौत हुई है और आज भी कुछ लोगों की मौत की सूचना है। कांग्रेस ने मृतकों की आत्मा की शांति और युद्ध में शांति के लिए केंडल मार्च निकाला है। उन्होंने कहा कि विदेशों में पढ़ाई सस्ती और प्रदेश में महंगी होने से बच्चे बाहर का रुख करते हैं। सरकार को इस पर विचार करने की जरूरत है।