Follow Us:

न्यूनतम आय को लेकर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, महिलाओं के खाते में आएंगे 72 हजार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कांग्रेस ने मंगलवार को न्यूनतम आय को लेकर नया ऐलान किया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह जानकारी दी। सुरजेवाला ने कहा कि '72,000 रुपए घर की महिलाओं के खाते में जाएंगे'। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह बताएं कि वह इसके पक्ष में हैं या विरोध में। सुरजेवाला ने कहा कि '20% गरीब परिवारों को हर साल 72,000 मिलेंगे। यह योजना महिला केंद्रित है, यह पैसा गृहिणियों के खाते में जमा किया जाएगा।' उन्होंने कहा कि यह योजना शहरी और ग्रामीण दोनों गरीबों के लिए लागू की जाएगी।

सुरजेवाला ने कहा कि, 'यह कांग्रेस की 'गरीबी मिटाओ न्याय यात्रा' की इस देश में नई शुरुआत है। "गरीब से न्याय और गरीब को न्याय"- यही है "न्याय" यानी न्यूनतम आय योजना।' प्रेस वार्ता में सुरजेवाला ने दावा किया कि कांग्रेस सरकारों ने स्वतंत्रता के बाद भारत की गरीबी को 70% से घटाकर 22% कर दिया। उन्होंने कहा कि हम शेष भारत में 22% गरीबी को दूर करने के लिए काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि  'वह मुट्ठी भर व्यापारियों का  3,50,000 करोड़ रुपए माफ कर सकते हैं, लेकिन भारत के गरीबों के लिए ,72,000 देना उनके लिए तकलीफदेह है। बीजेपी इस योजना का विरोध क्यों कर रही है?'