Follow Us:

उपचुनाव में चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत, जुब्बल-कोटखाई में भाजपा की जमानत जब्त

पी.चंद |

हिमाचल उपचुनावों में कांग्रेस ने 1 लोकसभा और 3 विधासभा सीटों पर जीत दर्ज की है। मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर को 8766 वोटों से हरा दिया है। मंडी संसदीय क्षेत्र की करें तो यहां 17 विधानसभा क्षेत्र हैं। यहां भाजपा के मुख्यमंत्री, 2 मंत्री और 14 विधायक भी भाजपा को जीत नहीं दिला पाए। इस जीत के साथ ही प्रतीभा सिंह तीसरी बार सांसद बन गई हैं।

वहीं, जुब्बल-कोटखाई विधानसभा से कांग्रेस के रोहित ठाकुर ने 6 हजार 103 वोटों से जीत हासिल की जबकि यहां आजाद प्रत्याशी चेतन बरागटा दूसरे स्थान पर रहे हैं। वहीं, भाजपा प्रत्याशी नीलम सरैईक अपनी जमानत भी नहीं बचा पाई हैं। उन्हें कुल 2644 वोट मिले हैं।

इसके अलावा फतेहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी भवानी सिंह पठानिया विजयी हुए हैं। भवानी पठानीया ने 5897 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं, अर्की विधानसभा सीट से भी कांग्रेस के संजय अवस्थी विजयी रहे हैं। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी रतन पाल सिंह को 3277 वोटों से हराया है।

उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी हार को स्वीकारते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हार से सीख लेगें और जा कमियां रहीं है उन्हें पूरा करने का काम किया जाएगा। मुख्यंत्री ने कहा कि हार जीत राजनीति का एक हिस्सा है लेकिन पार्टी में भीतरघात हार का बड़ा कारण रहा है। वहीं, अपने गृह जिले में मिली हार को लेकर सीएम ने कहा कि यहां कांग्रेस को जीत जरूर मिली है लेकिन इतनी नहीं की जश्न मनाया जाए।