Follow Us:

प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, CM योगी का पुतला फूंका

पी. चंद |

यूपी में सोनभद्र पीड़ितों से कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने एक बार फ़िर अपने ही कार्यालय के बाहर यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी का पुतला फूंका। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री विधायक विनय कुमार विधायक विक्रमादित्य सिंह महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल जिला अध्यक्ष अरुण शर्मा वह हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस ने योगी और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ शिमला में जबरदस्त नारेबाजी की और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी फूंका। हालांकि प्रदेश कांग्रेस प्रदर्शन में ज्यादा भीड़ नहीं जुटा पायी और न ही प्रदर्शन के लिए अपने दफ्तर से ज्यादा बाहर निकल पायी। कांग्रेस ने अपने दफ्तर से चार कदम बाहर कार्ट रोड में योगी का पुतला फूंका और 10 मिनट के लिए रोड भी जाम किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि प्रियंका वाड्रा अपनी दादी इंदिरा गांधी के पदचिन्हों पर चल रही हैं। योगी सरकार ने प्रियंका वाड्रा को सोनभद्र में पीड़ितों से मिलने की परमिशन नहीं दी जो कि लोकतंत्र की हत्या है।प्रदेश कांग्रेस राज्यपाल से इस मामले को लेकर मिलना चाहती थी लेकिन अभी तक नए राज्यपाल ने अपना पद नहीं संभाला है ये भी एक तरह का संवैधानिक संकट है।

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को शुक्रवार को सोनभद्र जाने से रोक दिया गया था। जहां इस हफ्ते 10 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस पर वह सड़क पर ही पाल्थी मारकर बैठ गईं और जोर देने लगीं कि उन्हें आगे जाने की इजाजत दी जाए।

इसके बाद वहां मौजूद अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया और उन्हें एक अतिथि गृह ले जाया गया। प्रशासन के आला अधिकारियों ने बाद में उन्हें मनाने की काफी कोशिश की, मगर वह पीड़ित के परिजनों से मिलने देने या फिर जेल भेजने की बात पर अड़ गयीं हैं।