Follow Us:

‘सवाल उठाने वाले कांग्रेसी आज कतार में लगकर लगवा रहे वैक्सीन’

डेस्क |

गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फतेहपुर में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर सीएम ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया है। कांग्रेस के लोग हमसे सवाल पूछते हैं कि आपने क्या किया। पहले हिमाचल में केवल दो ऑक्सीजन प्लांट थे, लेकिन आज करीब 30 ऑक्सीजन प्लांट हैं। हम काम करते रहे, लेकिन कांग्रेस के नेता केवल भाषण देते रहे। जो कांग्रेसी पहले वैक्सीन पर सवाल उठा रहे थे, वही लोग टीका लगाने के लिए कतारों में लगे रहे। हिमाचल कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने में देश में अव्वल रहा। हिमाचल ने देश में वैक्सीनेशन मॉडल पेश किया।”

‘कांग्रेस के स्टार प्रचारकों पर भी साधा निशाना’

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हाल में कांग्रेस के कुछ स्टार प्रचारक आपके क्षेत्र में प्रचार के लिए आए। ये वही लोग हैं जो कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में सेना के जवान महिलाओं पर अत्याचार करते हैं। ऐसे लोगों को कांग्रेस स्टार बनाकर हिमाचल ला रही है।”

‘कांग्रेस महंगाई की जननी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस के लोग महंगाई को लेकर सवाल करते हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस ही महंगाई की जननी है। 50 साल तक कांग्रेस सत्ता में रही, महंगाई और बेरोजगारी इन्ही की देन है। आज देश मजबूत हाथों में है। जिस तरह से हमने कोरोना खिलाफ सफलता पाई है, महंगाई रोकने में भी जरूर कमायाब होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज हमारी सरकार को चार साल पूरे होने वाले हैं। लेकिन कांग्रेस के पास आज किसी मंत्री या सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ नहीं है। इनके नेता तो अपनी ही पार्टी को लूटने का काम करते हैं। कोरोना काल में इन्होंने करोड़ों का बिल अपनी पार्टी को भेज दिया। सोचिए अगर ऐसी पार्टी आज प्रदेश में सत्ता में होती तो क्या होता।”