Follow Us:

सिद्धू की बयानबाजी के कारण गुरदासपुर-बठिंडा में हारी कांग्रेस: कैप्‍टन अमरिंदर सिंह

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में लोकसभा चुनाव में परिणाम कांग्रेस की उम्‍मीद के अनुरूप नहीं बताया है। उन्‍होंने कहा कि चुनाव परिणाम की हम समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही उन्‍होंने अपने कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पर हमला किया। उन्‍होंने बठिंडा और गुरदासपुर सीटों पर कांग्रेस की हार के लिए सिद्धू की बयानबाजी को भी जिम्‍मेदार ठहराया। उन्‍होंने कहा कि इन सीटों पर कांग्रेस की हार का कारण सिद्धू का बयान हो सकता है।

अमरिंदर सिंह ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव परिणाम हमारी उम्‍मीद के अनुरूप नहीं रहे। हम सभी 13 सीटों पर जीत की उम्‍मीद कर रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हाे सका। उन्‍होंने कहा कि बठिंडा और गुरदासपुर सीटों पर हार खलने वाली है। सुनील जाखड़ पंजाब में हमारे सबसे बेहतर उम्‍मीदवार थे। उनकी हार दुखद और निराशा पैदा करने वाली है।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू पर भी बोला हमला। उन्‍होंने कहा कि बठिंडा व गुरदासपुर में कांग्रेस प्रत्याशी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ की हार का कारण सिद्धू का बयान हो सकता है। सिद्धू ने जिस तरह से मतदान से ठीक से पहले बयानबाजी की उससे कांग्रेस को नुकसान होने की आशंका है।

एक सवाल में उन्‍होंने कहा कि आर्मी चीफ को सिद्धू द्वारा गले लगाना गलत था। इसे सेना के जवान और उनके प‍रिजन कतई सहन नहीं कर सकते। उन्‍होंने चुनाव पर इसका भी असर पड़ने की ओर इशारा किया। कैप्‍टन अमरिंदर ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अपेक्षा कु अनुरूप कांग्रेस को परिणाम नहीं मिलने के कारणों की तलाश होगी।