Follow Us:

धर्मशाला में सदस्यता अभियान की समीक्षा, कांगड़ा फतह करने की रणनीति में कांग्रेस

मृत्युंजय पुरी |

धर्मशाला में कांग्रेस सदस्यता अभियान की समीक्षा कर रही है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर मुख्य रूप से पहुंचे। बैठक में जहां सदस्यता अभियान की समीक्षा होगी। वहीं कांग्रेस कांगड़ा फतह के लिए आगामी रणनीति भी बनाएगी।

बैठक में कांग्रेस हिमाचल प्रदेश सदस्यता अभियान की रिटर्निंग ऑफिसर दीपा दासमुंशी, सह रिटर्निंग ऑफिसर शमीमा रैना, प्रदेश महामंत्री व कांगड़ा-चंबा के सदस्यता अभियान के प्रभारी केवल सिंह पठानिया, समन्‍वयक व महामंत्री चेतन ठाकुर भाग लेंगे।

जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक और अजय महाजन ने कहा कि सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक आज धर्मशाला में होगी। सदस्यता अभियान 31 मार्च तक तेज किया जाएगा। कांगड़ा की अनदेखी को लेकर बैठक में चर्चा होगी। यहां से दफ्तर मंडी व अन्य जगह को स्थानांतरित करने का मामला हो या फिर टांडा मेडिकल कालेज अस्पताल की दुर्दशा व फोरलेन प्रभावितों का मुद्दा इस सभी का जवाब भाजपा सरकार को दिया जाएगा।

फोरलेन से 11 विधानसभा क्षेत्र के लोग प्रभावित हो रहे हैं पर मुआवजा उस मुताबिक नहीं है। बैठक में भाजपा सरकार के कांगड़ा विरोधी कार्यों पर भी चर्चा होगी व आगामी रणनीति तय होगी। उन्होंने दावा किया कि कांगड़ा में कांग्रेस एकजुट है। कांग्रेस के नेताओं में आपस में कोई भी मनमुटाव नहीं है। ऐसे में आने वाले चुनाव को एकजुटता के साथ लड़ा जाएगा।