Follow Us:

फतेहपुर उपचुनाव: ब्राह्मण वोट बैंक पर भाजपा की नजर

मृत्युंजय पुरी |

फतेहपुर उपचुनाव को लेकर अब भाजपा की नजर ब्राह्मण वोट बैंक पर है। क्योंकि फतेहपुर विधानसभा में करीब 14 फीसदी वोट ब्राह्मण समाज का है। ऐसे में यदि भाजपा ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाने में सफल होती है तो भाजपा के लिए ये एक बड़ी उपलब्धि होगी। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने फतेहपुर में ब्राह्मण समाज के साथ एक बैठक की। इस बैठक में करीब 35 ब्राह्मण परिवारों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कई विषयों पर विस्तृत चर्चा भी हुई।

बैठक के बाद भाजपा प्रभारी ने कहा कि ब्राह्मण समाज के परिवार भाजपा की नीतियों से पूर्ण रूप से संतुष्ट हैं और जात-पात से उपर उठकर सारा समाज भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता मन बना चुकी है कि फतेहपुर को पिछड़ने नहीं देना है और विकास की दृष्टि से प्रदेश को नंबर वन बनाना है।

उन्होंने कहा कि एक विधायक जनता का वकील होता है अपने क्षेत्र के मुद्दों को सरकार के समक्ष कैसे रखना है उसको लेकर चिंचित रहता है। वकील अच्छा हो तो क्षेत्र का विकास निश्चित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश का एक समान विकास किया है।

वहीं, इससे पहले भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कांगड़ा में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से भी भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश की राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा भी हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साथ में भोजन भी किया।