Follow Us:

फतेहपुर उपचुनाव: वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने कि राजन सुशांत से भेंट, सियासी गलियारों में चर्चा गरमाई

मृत्युंजय पुरी |

प्रदेश में जिस तरह मानसून सक्रिय हो रहा है उसी तरह धीरे धीरे सियासी पारा भी ऊपर चढ़ना शुरू हो गया है। एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने, विभिन्न मांगों को लेकर करीब 100 दिन से धरने पर बैठे, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत से मुलाकात की। 

दरअसल भाजपा नेता सतपाल सत्ती और त्रिलोक कपूर फतेहपुर में चुनावों के दृष्टिगत एक बैठक के लिए पहुंचे थे। इस दौरान वह दोनों नेता और फतेहपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे कृपाल परमार डॉ. राजन सुशांत से मिले। सतपाल सत्ती ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। उन्होंने कहा कि आज परिस्थिति जो भी हो लेकिन डॉ. सुशांत हमारे पुराने साथी रहे हैं। इस मुलाकात के कोई राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिएं। जहां तक चुनाव की बात है वह जनता तय करती है किसको चुनना है और यही फतेहपुर में भी होगा।

हालांकि सत्ती ने इसे औपचारिक मुलाकात करार दिया है लेकिन राजनीतिक पंडित इसके कई मायने निकाल रहे हैं। क्योंकि पिछले करीब 100 दिन से डॉ. सुशांत लगातार धरने पर बैठे हैं लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली। अब एकदम से भाजपा नेताओं का उनसे मिलने पहुंचना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।