Follow Us:

हिमाचल के पांच मौजूदा विधायक लड़ रहे चुनाव, लोकसभा के बाद हिमाचल में फ़िर होंगे चुनाव

पी. चंद, शिमला |

शिमला, हिमाचल प्रदेश में पांच मौजूदा विधायक चुनाव लड़ रहे है। शिमला लोकसभा से भाजपा के मौजूदा विधायक सुरेश कश्यप व सोलन कांग्रेस के विधायक कर्नल धनी राम शांडिल आमने सामने है। कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा ने कैबिनेट मंत्री धर्मशाला से विधायक किशन कपूर को चुनावी मैदान में उतारा है जबकि कांगड़ा से कांग्रेस के पवन काजल चुनाव लड़ रहे हैं। पांचवे विधायक नैना देवी से कांग्रेस के राम लाल ठाकुर हैं। जिनको कांग्रेस पार्टी ने हमीरपुर सीट से टिकट दी है।

यदि इन चुनाव लड़ रहे पांच विधायकों में तीन जीतकर लोकसभा जाते हैं तो तीन उप चुनाव हिमाचल में होंगे अन्यथा दो चुनाव तो निश्चित ही है। क्योंकि शिमला व कांगड़ा संसदीय सीटों पर दोनों ही दलों ने अपने-अपने विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा है। जिनमें से दो की जीत व दो की हार तय है। हमीरपुर से भी कांग्रेस ने विधायक राम लाल ठाकुर को टिकट दी है यदि वह भी चुनाव जीतते है तो तीन उपचुनाव होंगे। ऐसे में हिमाचल को लोकसभा चुनावों के बाद फिर से चुनाव की तैयारी करनी होगी।