Follow Us:

नगर निगम चुनावों के लिए 21 मार्च को करेगी कांग्रेस प्रत्य़ाशियों की घोषणा

पी. चंद |

हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों का बिगुल बज चुका है। 7 अप्रैल को धर्मशाला सहित 3 नए नगर निगमों सोलन, मंडी और पालमपुर में मतदान होगा। कांग्रेस पार्टी ने जो पर्यवेक्षक इन चुनावों के लिए बनाए है वह 19 मार्च तक अपनी शिफारिशें दें देंगे। उसके बाद 21 मार्च को प्रदेश इलेक्शन कमेटी की बैठक आयोजित की जायेगी। उसी दिन नगर निगम में चुनाव लड़ने वाले इच्छुक उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस जारी करेगी।

22 मार्च को कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसकी कमान कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री विप्लव ठाकुर के पास है। ये बैठक काफ़ी लंबे वक़्त के बाद हो रही है इसलिए कोई कठोर निर्णय इस बैठक में लिए जा सकते हैं।  हालांकि कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राठौर ने बैठक में क्या निर्णय लिए जा सकते है इसका खुलासा नहीं किया है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि सभी निगमों में कांग्रेस का पलड़ा भारी है। लेकिन सरकार पंचायत चुनावों की तरह जनादेश को प्रभावित कर सकती है। क्योंकि मुख्यमंत्री ने हाल ही में उन्हीं जगहों का दौरा किया और घोषणाएं की जहां चुनाव होने हैं। ये घोषणाएं सिर्फ़ चुनावी घोषणाएं है। चुनावों के वक़्त ही मुख्यमंत्री को इन क्षेत्रों की याद आई।