Follow Us:

बीजेपी ने देश और प्रदेश में लोकतंत्र का मज़ाक बना कर रख दिया: राठौर

पी. चंद |

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि पच्छाद में जिस प्रकार सत्ता रूढ़ भाजपा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कर रही है। उससे साफ है की वह चुनाव आयोग के नियमों को नहीं मानती। चुनाव आयोग भी कांग्रेस की इन शिकायतों पर लीपा-पोथी करने में लगा है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

आज राजगढ़ में जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा ने देश व प्रदेश में लोकतंत्र का मज़ाक बना कर रख दिया है। लोकतांत्रिक परम्पराओं को तोड़ा जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादाओं को अस्त-व्यस्त किया जा रहा है। देश का दुर्भाग्य है कि आज देश घोर आर्थिक संकट से गुजर रहा है पर भाजपा के नेताओं को इसकी कोई चिंता नहीं है।

देश का औद्योगिक विकास ठप पड़ गया है, लाखों की संख्या में लोग बेरोजगार हो रहे हैं,बावजूद इसके भाजपा देश के लोगों को गुमराह कर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने में लगी है।

कुलदीप राठौर ने कहा कि पच्छाद में आज विकास का कोई काम नहीं हो रहा है। सिर्फ यहां के लोगों को सवज बाग दिखाए जा रहे हैं। लोकसभा चुनावों में भी यहां के लोगों के साथ धोखा किया गया और विधानसभा चुनावों में भी।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा के भ्रम जाल से बाहर निकल कर कांग्रेस की मजबूती के लिए यहां से पार्टी के सशक्त उम्मीदवार जिन्होने इस क्षेत्र विकास किया गंगू राम मुसाफिर को भारी बहुमत से विजयी बनाए।

इससे पूर्व उन्होंने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के विरोध में एसडीएम के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि सत्ता रूढ़ भाजपा के विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह के खिलाफ चुनाव अधिकारी को की गई शिकायतों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है।

उन्होंने इस संदर्भ में राज्यपाल से तुरंत कार्यवाही की मांग करते हुए दोषी नेताओं के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। इस दौरान उनके साथ पार्टी प्रत्याशी गंगू राम मुसाफिर के अतिरिक्त कांग्रेस पार्टी के जिला और मंडल पदाधिकारी भी मौजूद थे।