Follow Us:

लोगों को सबसे बेहतरीन स्वास्थ्य कवर देने में हिमाचल पहला राज्य: CM

पी. चंद. शिमला |

आयुष्मान भारत योजना के 1 वर्ष पूरा होने पर स्वास्थ्य विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा शिमला के आईजीएमसी में एक समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने योजना को सफल बनाने में बेहतरीन काम करने वाले स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों और अधिकारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से देश के करोड़ों गरीब और असहाय लोगों का उपचार हुआ है। वह लोग भी अब स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं जो पहले पैसे की तंगी के कारण अपना उपचार नहीं करवा पाते थे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी आयुष्मान योजना काफी सफल हुई है और लगभग 24 लाख लोग इस योजनाा के जोड़े गए हैं और 31 करोड़ रुपए की राशि अब तक आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को दी गयी है। जो लोग आयुष्मान योजना में कवर नहीं हो पाए हैं उनके लिए प्रदेश सरकार ने हिम केयर योजना शुरू की है जिसके माध्यम से 37 करोड़ रुपए का स्वास्थ्य कवर लोगों को दिया जा चुका है । हिमाचल प्रदेश लोगों को सबसे बेहतरीन स्वास्थ्य कवर देने में पहला राज्य है।

वहीं,  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्लास्टिक हिमाचल प्रदेश में 2009 से बंद है लेकिन फिर भी कुछ चीजों चिप्स, पानी बोतलें ,तेल इत्यादि अभी भी प्लास्टिक के लिफाफों में आ रहा है। सरकार ने प्लास्टिक को पूरी तरह से बंद करने के लिए एक और अभियान शुरू करने का फैंसला लिया है ताकि प्रदेश को स्वच्छ और हेल्दी बनाया जा सके। बाहर से घूमने आने वाले पर्यटकों को भी प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करने का आग्रह किया जाएगा। 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त करने का अभियान शुरू होगा।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ह्यूस्टन अमरीका में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शिमला का जिक्र करना अपने आप में बहुत बड़ी बात है प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और हिमाचल को विदेश में नहीं भूलते है।मोदी ने हिमाचल को दुनिया भर में प्रसिद्ध किया है।