Follow Us:

सांसद किशन कपूर अब भी हिमाचल में खाद्य आपूर्ति मंत्री, नहीं दिया पद से इस्तीफ़ा

पी. चंद, शिमला |

लोकसभा चुनावों में भारी मतों से जीत दर्ज कर हिमाचल के दो विधानसभा सदस्य हिमाचल सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर और पच्छाद से विधायक सुरेश कश्यप सांसद बनकर दिल्ली चले गए हैं। दोनों ही नेताओं ने सांसद के रूप में सदस्यता ग्रहण कर हिमाचल विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा भी दे दिया है जिसको स्पीकर ने स्वीकार कर लिया है।

लेकिन, किशन कपूर ने अभी तक मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है। उनका बाकायदा नाम सचिवालय नाम बोर्ड  में अभी भी लगा हुआ है। जानकारों के मुताबिक मुख्यमंत्री की सहमति से किशन कपूर अगले छह माह तक बिना विधानसभा के सदस्य रहे भी मंत्री पद पर बने रह सकते हैं।  

वैसे भी हिमाचल में दो विधानसभा सीटों धर्मशाला और आरक्षित सीट पच्छाद में उपचुनाव होना है। नियमों के अनुसार चुनाव आयोग को छह माह के भीतर उपचुनाव करवाना पड़ता है। दोनों ही सूरतों में चाहे मंत्री पद की बात हो या उपचुनाव की 6 माह का समय है। फ़िलहाल ख़ाली हुई दोनों विधानसभा सीटों की टिकट के लिए अभी से लॉबिंग शुरू कर दी है। साथ ही दो मंत्री पदों के लिए भी जोड़तोड़ शुरू हो गई है।