Follow Us:

वीरभद्र सिंह से मिले कांग्रेस अध्यक्ष, हाल जानने के साथ-साथ हुई राजनीतिक चर्चाएं

पी. चंद |

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से कुठाड़ राजमहल जाकर मुलाक़ात की और उनका हाल जाना। इस दौरान कुलदीप सिंह राठौर ने पूर्व मुख्यमंत्री के साथ पार्टी की राजनैतिक गतिविधियों की पूरी जानकारी दी। उन्होंने वीरभद्र सिंह को बताया कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने उम्मीद जताई की नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस पार्टी का शानदार प्रदर्शन रहेगा। 2022 विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। पंचायत चुनावों के बाद कांग्रेस पूरी सक्रियता से लोगों के बीच होगी।

वहीं, वीरभद्र सिंह ने भी उनके बेहतर कार्य प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सभी कामों और उनके आंदोलनों के अतिरिक्त प्रदेश की राजनीति पर उनकी कड़ी नज़र है। अभी हाल ही में उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में अभी से डट जाने को कहा है ताकि 2022 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ अपनी सरकार बना सकें। वह जल्द ही प्रदेश के दौरे पर भी उतरेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर उनमें उत्साह और जोश भरेंगे।